चंडीगढ़-(मनदीप कौर )- पंजाब सहित पूरे उत्तर भारत के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम के ताजा अनुमान के अनुसार 20 से 23 जुलाई के बीच मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
यह भी पढ़े –https://chardapunjabtv.com/ludhiana-youth-jumped-bhakra-canal-nangal/
मौसम के अनुमान के मुताबिक 19 जुलाई से पूर्वी हवाओं की वापसी शुरू होगी, जिसके चलते कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इसके बाद 20 और 21 जुलाई से बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
फिलहाल अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि 20 जुलाई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और कई जिलों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अनुमान सही साबित हुआ तो यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

