लुधियाना -(मनदीप कौर)- हैबोवाल के जसियां रोड इलाके में 22 वर्षीय विवाहिता रजनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में पंखे से लटका मिला। परिवार के अनुसार रजनी करीब दो महीने की गर्भवती थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के भाई शिवम ने आरोप लगाया कि घटना से पहले परिवार में विवाद हुआ था। उसका दावा है कि जब वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा तो रजनी का शव पंखे से चुन्नी के सहारे लटका हुआ था। मायके पक्ष ने परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है।
यह भी पढ़े:-पटियाला-मोहाली में ED की बड़ी कार्रवाई, कॉल सेंटर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी
परिजनों ने यह भी बताया कि रजनी की एक छोटी बेटी है और वह गर्भवती थी। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पति हिरासत में, पोस्टमार्टम से सामने आएंगे अहम तथ्य
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह और किसी आपराधिक भूमिका को लेकर जांच जारी है।

