लुधियाना -(मनदीप कौर)- हैबोवाल थाना क्षेत्र के हरगोबिंद नगर इलाके में शुक्रवार रात शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। यहां एक टेक्सटाइल प्रिंटिंग फैक्ट्री के मालिक जतिंदर राजपूत (40) की उसके दोस्त ने तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।
फैक्ट्री में दोस्तों के साथ शराब पी रहा था मृतक

जानकारी के अनुसार, जतिंदर राजपूत हरगोबिंद नगर में टेक्सटाइल प्रिंटिंग फैक्ट्री चलाता था। शुक्रवार रात वह अपनी फैक्ट्री में कुछ दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान जतिंदर और उसके एक दोस्त के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।
यह भी पढ़े:- बठिंडा में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, 43 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी दोस्त ने गुस्से में आकर तेजधार हथियार से जतिंदर की गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण जतिंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
शनिवार सुबह हुआ हत्या की वारदात का खुलासा
हत्या की जानकारी शनिवार सुबह सामने आई। पुलिस के मुताबिक, मृतक का भाई किसी काम से फैक्ट्री पहुंचा था। वहां का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। जतिंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हैबोवाल पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच करते हुए खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
हैबोवाल थाना प्रभारी एसएचओ जसवीर सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी दोस्त की पहचान कर ली है। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। वारदात के बाद आरोपी का मोबाइल फोन बंद है।
हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर शराब पार्टी के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद मामूली बहस ने हत्या का रूप ले लिया। पार्टी में मौजूद अन्य लोगों और मृतक के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विवाद के वास्तविक कारण और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

