जालंधर -( मनदीप कौर)-अवतार नगर रोड पर स्थित Deear Studio में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मामले की जानकारी दमकल विभाग को दी गई।
बताया जा रहा है कि स्टूडियो गली नंबर 6 के बाहर स्थित है। आग देखते ही देखते इतनी तेज फैल गई कि स्टूडियो के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
स्टूडियो के कर्मचारियों के अनुसार, लकड़ी के काउंटर पर स्विच में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
यह भी पढ़े:-जालंधर में बीकानेर स्वीट्स के बाहर भीषण हादसा, 2 कारों की टक्कर में दुकान मालिक घायल; CCTV में कैद हुई घटना
घटना के समय दुकान का ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल की 2 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।
आग के कारण स्टूडियो में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आसपास की दुकानों में भी धुआं फैल गया था।
गनीमत रही, कोई जानी नुकसान नहीं
हादसे के दौरान गनीमत रही कि किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। बताया गया कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
मौके पर पहुंचे अवनीश सहोता ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
आग से हुए नुकसान का आकलन बाकी
फिलहाल आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है। दुकान मालिक ही नुकसान की पूरी जानकारी दे सकेंगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक स्टूडियो के अंदर रखा काफी सामान आग की चपेट में आया है।
दमकल विभाग के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की पूरी तस्वीर जांच के बाद स्पष्ट होगी।

