गुरदासपुर -( मनदीप कौर)- जिले के मंगल कोटली मोहल्ले में व्यापारी के घर पर गोलियां चलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिवार का आरोप है कि वारदात से पहले गैंगस्टर की ओर से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक व्यापारी राकेश कुमार बर्तन बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें कथित तौर पर WhatsApp कॉल के जरिए फिरौती की धमकी मिली थी।

50 लाख की फिरौती मांगे जाने का आरोप
राकेश कुमार के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई।
यह भी पढ़े:-जालंधर में Deear Studio में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा; लाखों का सामान जलकर राख
राकेश ने बताया कि वह कुछ दिन पहले रणजीत सागर डैम से सेवा मुक्त होकर लौटे थे। इसके बाद ही उन्हें कथित गैंगस्टर की ओर से धमकी भरा कॉल आया।
पैसे देने से इनकार किया तो घर पर फायरिंग
परिवार के मुताबिक जब उन्होंने फिरौती की रकम देने से इनकार कर दिया तो बीती रात मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनके घर पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग के बाद इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया। घटना से जुड़े CCTV फुटेज में दोनों संदिग्धों के कैद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए हैं और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
मामले में दोनों आरोपियों के CCTV में कैद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

