जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन के पास माता रानी चौक की ओर जाने वाले रास्ते में बीकानेर स्वीट्स के बाहर दो कारों की टक्कर का मामला सामने आया है। हादसे में बीकानेर स्वीट्स के मालिक अक्खी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना के बाद मौके पर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। सामने आए वीडियो में सड़क पर जा रही कार अचानक मुड़ती दिखाई देती है, जिसके बाद पीछे से आ रही दूसरी कार उससे टकरा जाती है।

टक्कर के बाद दुकान में घुसने की कोशिश करती दिखी कार
परिवार के अनुसार, हादसे के समय अक्खी सिंह दुकान की बेसमेंट से बाहर आए थे और दुकान के बाहर दूध उतरवा रहे थे। इसी दौरान दो कारों के बीच टक्कर हो गई।
यह भी पढ़े:-सरसावा में रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, एक हाथ कटा मिला
परिवार का आरोप है कि टक्कर के बाद इनौवा कार अनियंत्रित होकर अक्खी सिंह से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार दुकान में घुसने की कोशिश करती हुई भी दिखाई दी।
परिवार ने कार चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
घायल के बेटे पंकज के अनुसार, हादसा कार चालक की गलती से हुआ। परिवार का आरोप है कि कार इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन लक्की रंधावा की थी और उसे उनका ड्राइवर चला रहा था।
परिवार का यह भी दावा है कि हादसे के बाद कार के अंदर से ड्राइवर की वर्दी मिली थी। बाद में कार से इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट का झंडा उतार दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस कार्रवाई की मांग
परिवार का कहना है कि हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी गई थी, लेकिन अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार ने पुलिस से बयान दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल हादसे की पूरी तस्वीर CCTV फुटेज और पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

