फिरोजपुर-(मनदीप कौर)- पंजाब के फिरोजपुर जिला कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जिला अदालत को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बंद कर दिया और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी।
धमकी भरे ई-मेल से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर जिला कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
यह भी पढ़े:- मलविंदर सिंह कंग का GMADA पर हमला, भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
पुलिस टीमों ने कोर्ट परिसर को खाली करवाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
बताया जा रहा है कि जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को इससे पहले भी करीब तीन बार धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। इन ई-मेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
हालांकि पुलिस हर बार मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करती रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।
वकीलों ने मेटल डिटेक्टर लगाने की मांग की
कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर वकीलों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कोर्ट के गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि अंदर आने वाले लोगों और वाहनों की बेहतर तरीके से जांच की जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे परिसर की तलाशी ले रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से ई-मेल भेजा था।

