पाकिस्तान- (ब्यूरो रिपोर्ट)-पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। Pakistan Institute of Medical Sciences (PIMS) के महिला रोग विभाग की नर्सरी में आग लगने के बाद 15 नवजात बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे के समय वार्ड में कुल 16 नवजात बच्चे भर्ती बताए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 7 बजे के आसपास लगी। बताया जा रहा है कि एसी का कंप्रेसर फटने के बाद आग भड़क उठी, जिसके चलते नर्सरी में तेजी से धुआं फैल गया।

धुएं से नवजात बच्चों का दम घुटा
कंप्रेसर में धमाका होने के बाद नर्सरी में आग तेजी से फैल गई। कमरे में धुआं भरने के कारण वहां भर्ती नवजात बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
यह भी पढ़े:-जालंधर में NHM कर्मचारियों का रोष मार्च, 500 कर्मियों ने उठाई Equal Work Equal Pay की मांग
बताया गया है कि बचाव अभियान के बावजूद 16 में से केवल एक नवजात बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका, जबकि बाकी 15 बच्चों की मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट की भी जताई गई आशंका
PIMS प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के अनुसार, शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट जैसी सामने आ रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर जनरल की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है। समिति हादसे के कारणों और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।
हादसे के बाद अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे ने अस्पताल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं।

