गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 में इंजन में खराबी आने के बाद हड़कंप मच गया। तकनीकी समस्या के चलते विमान में इमरजेंसी घोषित की गई, जिसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस उतारा गया।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट को सुबह करीब 11:45 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान भरने के बाद विमान दक्षिणी महाराष्ट्र के तट के ऊपर से गोवा की ओर वापस मुड़ गया। उस समय विमान करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।

जब फ्लाइट वापस गोवा की ओर मुड़ी तो एयरपोर्ट पर सुबह करीब 9:30 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। एयरपोर्ट पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गईं।
इसके बाद विमान को मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। फिलहाल इंजन में आई खराबी के कारणों की जानकारी सामने आना बाकी है।

