बठिंडा -(मनदीप कौर)- बठिंडा बस स्टैंड के पीछे एक निजी बस के कंडक्टर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान चुघे कलां निवासी बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस स्टैंड के पीछे खून से लथपथ मिला कंडक्टर

जानकारी के मुताबिक घटना रविवार देर शाम की है। निजी बस चालक इकबाल सिंह के अनुसार, शाम करीब साढ़े 7 बजे बस स्टैंड में बस खड़ी करने के बाद वह और उसका कंडक्टर बलजिंदर सिंह अपने-अपने गांवों की ओर रवाना हो गए थे। कुछ ही देर बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि बलजिंदर बस स्टैंड के पीछे एक खोखे के पास घायल हालत में पड़ा है।
यह भी पढ़े:-पंजाब में सरकारी कर्मचारियों का आंदोलन तेज, 27 अगस्त को महाबंद का ऐलान; 26 तक जारी रहेगी कलम छोड़ हड़ताल
इसके बाद बलजिंदर को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो युवकों पर किरच से हमला करने का आरोप
बस चालक का दावा है कि CCTV फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति बलजिंदर सिंह पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर किरच से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बलजिंदर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मौके पर मौजूद कॉस्मेटिक दुकान चलाने वाली रेखा रानी के मुताबिक, आसपास मौजूद लोगों ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
थाना कोतवाली के SHO यादविंदर सिंह के अनुसार, फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

