लखनऊ -(मनदीप कौर)- रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। काकोरी के हरदोईया लालनगर स्थित शिवाची स्वीट्स पर छापेमारी के दौरान अधिकारियों को मौके पर ऐसी परिस्थितियां मिलीं, जिन्हें देखकर टीम भी हैरान रह गई।
जांच के दौरान मिठाई बनाने वाली जगह पर गंदगी, सीवरेज का पानी और मक्खियों का जमावड़ा मिला। इसी परिसर में कई भैंसें भी बंधी हुई थीं। अधिकारियों के अनुसार, भैंसों का गोबर मिठाई तैयार किए जाने वाले स्थान तक पहुंच रहा था।

🟢 करीब 1,000 लीटर संदिग्ध घोल बरामद
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को गंदे प्लास्टिक के ड्रमों में करीब 1,000 लीटर संदिग्ध घोल मिला। बताया गया कि इसमें दूध पाउडर, चीनी और पानी का मिश्रण था। जांच के दौरान इस घोल में मरी हुई मक्खियां भी दिखाई दीं।
यह भी पढ़े:-एडमिंटन के गुरुद्वारे में घुसकर हमला, दो सेवादार घायल; संगत ने आरोपी को दबोचा
मौके से मिठाई में मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई। अधिकारियों ने सैफ्रोलाइट, फिटकरी और संदिग्ध सफेद क्रिस्टल पाउडर को भी जांच के लिए कब्जे में लिया।
🟢 1,675 किलो मिठाई ने बढ़ाई चिंता
छापेमारी के दौरान करीब 1,675 किलोग्राम तैयार मिठाइयां मिलीं। इनमें लगभग 1,000 किलो कालाकंद, 350 किलो वर्क लगी बर्फी, 300 किलो डोडा बर्फी और पेड़ा शामिल बताए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इन मिठाइयों को खुले में बिना ढके रखा गया था और आसपास बड़ी संख्या में कीड़े-मक्खियां मौजूद थीं।
🟢 सिर्फ रिटेल लाइसेंस, बड़े स्तर पर उत्पादन का आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान के पास कथित तौर पर केवल प्रचू्न लाइसेंस था, जबकि वहां बड़े स्तर पर मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। यूनिट में काम करने वाले करीब 25 कर्मचारियों के मेडिकल टेस्ट भी नहीं कराए गए थे। कर्मचारियों द्वारा दस्ताने और सिर ढकने जैसी जरूरी स्वच्छता सावधानियां नहीं अपनाने की बात भी सामने आई।
🟢 यूनिट सील, कच्चा माल भी जब्त
मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 2,675 किलो संदिग्ध सामग्री को नष्ट करने के लिए चिन्हित किया और निर्माण स्थल को सील कर दिया। इसके अलावा करीब 79 हजार रुपये से अधिक कीमत का 686 किलो कच्चा माल भी जब्त किया गया।
अधिकारियों ने मौके से 15 नमूने लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। अब इनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले कार्रवाई ने मचाई हलचल
रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने लखनऊ के मिठाई कारोबार में हलचल पैदा कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब लैब रिपोर्ट पर नजर रहेगी, जिससे यह स्पष्ट होगा कि बरामद मिठाइयों और कच्चे माल में वास्तव में किस स्तर की मिलावट थी।

