प्रतापगढ़ –उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। कोहदौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में एक मेडिकल स्टोर पर बैठे युवक को उसके जीजा ने कथित तौर पर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय देवेंद्र अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका जीजा कपिल वहां पहुंचा और कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्तौल से उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।

गोलियों की आवाज से बाजार में मचा हड़कंप
अचानक हुई फायरिंग से मदाफरपुर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद देवेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-mata-rani-chowk-car-fire/
इसके बाद भीड़ ने आरोपी के साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घायल देवेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पारिवारिक विवाद को बताया जा रहा वारदात का कारण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी कपिल का अपनी पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक विवाद को लेकर देवेंद्र और कपिल के बीच भी पहले से तनाव बताया जा रहा है। पुलिस इसी विवाद को वारदात की वजह मानकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कपिल पूर्व सैनिक बताया जा रहा है और वर्तमान में सुल्तानपुर जिला अस्पताल में गार्ड के तौर पर तैनात था। पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली गई है।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे रहे पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

