जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के मॉडल हाउस स्थित माता रानी चौक के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान कार में सवार दो लोगों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/nakodar-baba-murad-shah-mela-2026-21-august-program-cancelled/

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार कार चालक रघुविंदर सिंह कपूरथला के रहने वाले हैं और निजी काम के सिलसिले में जालंधर आए हुए थे। वह माता रानी चौक के पास पहुंचे ही थे कि अचानक चलती कार में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से बढ़ने लगीं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम
कार में आग लगने की सूचना राहगीरों और स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में कार बुरी तरह जल गई।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार कंट्रोल रूम को माता रानी चौक के पास कार में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग की वजह से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने भी संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी सतिंदरपाल सिंह के मुताबिक, कंट्रोल रूम से कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए थे। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।

