अमृतसर -(मनदीप कौर)- तरनतारन के वल्टोहा कस्बे में सोमवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात व्यक्तियों ने कपड़ों की दुकान ‘पुरीया दी हट्टी’ के बाहर फायरिंग कर दी। दुकान लंबे समय से कपड़ों के कारोबार के लिए जानी जाती है।
घटना का पता उस समय चला, जब दुकान के मालिक रोशन लाल पुत्र बलदेव राज, निवासी अमृतसर, सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के शटर पर गोलियों के निशान थे। जांच करने पर शटर पर चार गोलियों के निशान मिले। घटना से घबराए दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/sultanpur-lodhi-firing-youth-injured-cctv/
सूचना मिलते ही थाना वल्टोहा के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग करने वाले कौन थे और उन्होंने दुकान को निशाना क्यों बनाया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

