पंजाब -(मनदीप कौर)- पंजाब के खमाणों के पास रामगढ़ गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने 70 साल के बुजुर्ग पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
रास्ते में घेरकर कुत्तों ने किया हमला

जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय बुजुर्ग बाबा सिंह गांव से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान जगह पर 5-7 आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने बुजुर्ग को बुरी तरह नोच डाला। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान कुत्तों ने बुजुर्ग को बचने का मौका तक नहीं दिया।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/17-august-school-holiday-jalandhar/
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। लोगों के पहुंचने के बावजूद बुजुर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद गांव में दहशत
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक और डर का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को लेकर उचित कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े।

