चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- सेक्टर-8 स्थित एक मंदिर के बाहर इन दिनों एक अनोखा लंगर चर्चा का विषय बना हुआ है। अमृतसर निवासी ‘राजा जी द किंग’ की ओर से लगाए गए इस लंगर में लोगों को खाने-पीने की चीजों के साथ नकद राशि भी वितरित की गई। लंगर में पहुंचे लोगों को बर्गर और कोल्ड ड्रिंक के साथ पैसे दिए गए, जिसके चलते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
नकदी लेने के लिए लगी लंबी कतारें

लंगर में पैसे लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भीड़ को व्यवस्थित रखने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बाउंसर भी तैनात किए गए थे। नकदी वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कूपन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-avtar-nagar-double-murder/
राजा जी के मुताबिक, कूपन व्यवस्था इसलिए रखी गई थी ताकि कोई व्यक्ति दोबारा पैसे न ले सके और आर्थिक मदद अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
क्रिप्टो कारोबार से जुड़े होने का दावा
‘राजा जी द किंग’ ने बताया कि वह क्रिप्टो कारोबार से जुड़े हुए हैं और अपनी कमाई का एक हिस्सा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए खर्च करते हैं। उनका दावा है कि वह वर्ष 2025 से चंडीगढ़ में इस तरह के लंगर लगा रहे हैं। इससे पहले वह मनीमाजरा में पेट्रोल का लंगर लगाने का दावा भी कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें यह सेवा करने की प्रेरणा ‘माता रानी’ से मिलती है।
बड़ी रकम बांटने पर एजेंसियों ने की पूछताछ
राजा जी के अनुसार, बड़ी रकम बांटे जाने के चलते जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ भी कर चुकी हैं। उनका कहना है कि उनके पास अपनी कमाई का पूरा वैध हिसाब-किताब मौजूद है और उनका उद्देश्य केवल जरूरतमंद लोगों की मदद करना है।
हालांकि, उनके क्रिप्टो कारोबार और बांटी जा रही रकम से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

