लुधियाना -(मनदीप कौर)-पंजाब के लुधियाना स्थित ताजपुर रोड से एक संदिग्ध नशा सप्लाई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती एक युवक को संदिग्ध पैकेट देती दिखाई देती है। जैसे ही युवक पैकेट लेता है, युवती तुरंत पीछे हट जाती है। इस दौरान उसके साथ दो अन्य युवतियां भी मौके पर मौजूद नजर आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में नशे की सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
डीएसपी रमनदीप ने बताया कि यह वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है और ताजपुर रोड इलाके का है। वीडियो पहले फेसबुक पर पोस्ट किया गया था। वायरल होने के बाद पुलिस की साइबर टीम ने इसका संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाली युवतियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। जिस युवक को पैकेट दिया गया, उसकी पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि पैकेट में चिट्टा (हेरोइन) हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि पिछले 10 दिनों में ताजपुर रोड क्षेत्र में नशा तस्करी के 14 मामले दर्ज किए गए हैं। कई मामलों में व्यावसायिक मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इलाके में जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है और नशा तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

