PunjabNews-(मनदीप कौर)- अगर आपको किसी सरकारी दस्तावेज़ की जरूरत है या किसी सरकारी योजना के लिए आवेदन करना है, तो दोपहर 2 बजे से पहले अपने नजदीकी सेवा केंद्र पहुंच जाएं। पंजाब के सेवा केंद्र कर्मचारियों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि दोपहर 2 बजे तक उनका वेतन जारी नहीं किया गया तो वे कलम छोड़ो और कंप्यूटर बंद हड़ताल शुरू कर देंगे।
यूनियन के अनुसार, हड़ताल शुरू होने के बाद सेवा केंद्रों में आम लोगों की कोई भी नई आवेदन प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी। इससे पूरे पंजाब में सरकारी सेवाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है। राज्य के सेवा केंद्रों पर प्रतिदिन लगभग 90 हजार से 1 लाख आवेदन प्राप्त होते हैं

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/ed-raid-hitenra-harry-house-patiala-bikram-majithia/
इन सेवाओं पर पड़ेगा सीधा असर
हड़ताल होने की स्थिति में जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, संपत्ति प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, जमीन की फर्द, भूमि रिकॉर्ड, स्टांप पेपर आवेदन, शपथ पत्र सत्यापन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन आवेदन, ड्राइविंग लाइसेंस के नए आवेदन और नवीनीकरण, वाहन पंजीकरण तथा आधार कार्ड के नए नामांकन और अपडेट जैसी सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
सरकार को दी चेतावनी
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि दोपहर 2 बजे तक वेतन जारी नहीं किया गया तो कर्मचारी काम बंद कर देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान और कंपनी प्रबंधन के पुतले जलाकर सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन भी किया जाएगा। हड़ताल जारी रखने या समाप्त करने का अंतिम फैसला शाम को होने वाली बैठक के बाद लिया जाएगा।
फिलहाल आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि यदि उनका कोई जरूरी सरकारी कार्य लंबित है तो उसे दोपहर 2 बजे से पहले सेवा केंद्र पहुंचकर पूरा कर लें।

