लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से काम पर जा रहे एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा सेक्टर-32 स्थित वैष्णो देवी धाम मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार नगर निगम के एक टिपर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक एक प्रवासी मजदूर था, जो साइकिल से अपने काम पर जा रहा था। हादसे के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/dr-dy-patil-death/
जांच अधिकारी ASI बलकार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल टिपर नगर निगम का बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

