लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना स्थित BVM स्कूल, ऊधम सिंह नगर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक ने 9वीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र को लैब के अंदर बंद कर बेरहमी से पीटा। घटना के बाद जब छात्र घर पहुंचा तो उसके पेशाब में खून आने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी शिक्षक की हरकतें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 पुलिस ने आरोपी शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
CCTV फुटेज के अनुसार, शिक्षक छात्र को गर्दन से पकड़कर जबरन लैब के अंदर ले जाता दिखाई देता है। इसके बाद वह छात्र को लगातार कई थप्पड़ मारता है। इतना ही नहीं, छात्र को कमरे के दूसरे कोने में ले जाकर दोबारा पीटा जाता है।
आरोप है कि जब छात्र ने खुद को बचाने की कोशिश की तो शिक्षक ने उसे जमीन पर गिराकर फिर से मारपीट की। पीड़ित छात्र का कहना है कि घटना के बाद आरोपी शिक्षक ने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

