जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के गदईपुर इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव एक खाली प्लॉट में बने करीब 6 से 7 फीट गहरे गड्ढे से बरामद हुआ। मौके से युवक की बाइक भी मिली है, जिस पर शिवसेना का निशान बना हुआ था।
गहरे गड्ढे में मिला युवक का शव
मिली जानकारी के अनुसार गदईपुर स्थित मुर्गी फार्म के पास लोगों ने एक युवक को गड्ढे में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान युवक की बाइक नंबर PB-08-FS-3587 भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक बाइक पर शिवसेना का स्टीकर लगा हुआ है।
जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
बताया जा रहा है कि जिस प्लॉट में युवक का शव मिला, वह सड़क से करीब 6 से 7 फीट गहरा है। शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/cockroach-janta-party-gen-z-digital-politics-viral-news-hindi/
युवक की पहचान नहीं, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 साल के आसपास लग रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हत्या, हादसा और आत्महत्या तीनों एंगल से की जा रही है।
आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक प्रवासी मजदूर लग रहा था और आसपास किसी के यहां काम करता था। पुलिस ने आसपास के लोगों और उसके कथित मालिक से भी पूछताछ शुरू कर दी है। युवक के परिजनों की तलाश की जा रही है ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

