होशियारपुर-(मनदीप कौर)- माहिलपुर में शहीदां रोड स्थित कपड़े की दुकान पर गोली चलने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवकों ने दुकान पर बैठे कपड़ा व्यापारी को निशाना बनाकर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
घायल व्यापारी की पहचान 33 वर्षीय जसवीर सिंह के रूप में हुई है। जसवीर सिंह शहीदां रोड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि गोली उनके पेट के बाएं हिस्से में लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

यह भी पढ़े:-रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100% टैरिफ लगा सकते हैं ट्रंप, भारत पर भी असर का खतरा
जानकारी के मुताबिक घटना के समय जसवीर सिंह शाम करीब 7 बजे अपने भाई के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक दुकान के बाहर आकर रुके। एक युवक मोटरसाइकिल पर ही रहा, जबकि दूसरे ने दुकान का शीशे वाला दरवाजा थोड़ा खोलकर कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और व्यापारी पर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो चुके थे।
पुलिस अधिकारी भरत भूषण के अनुसार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीम CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कपड़ा व्यापारी को निशाना बनाने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था और क्या वारदात से पहले उनका पीड़ित के साथ कोई विवाद था। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

