गुरुग्राम:-(मनदीप कौर)- हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सेक्टर-5 इलाके में घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची कार की चपेट में आ गई। कार मोड़ते समय उसका टायर बच्ची के ऊपर चढ़ गया। गंभीर हालत में परिजन बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार मोड़ते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 निवासी वीरेंद्र तिवारी की दो साल की बेटी अधिरजा तिवारी घर के सामने गली में खेल रही थी। जिस कार से हादसा हुआ, वह युवक करीब पांच मिनट पहले वहां से निकल चुका था। बताया गया कि युवक ने बच्चों को खेलते हुए देखा था और उस समय उन्हें साइड कर दिया था।
यह भी पढ़े:-मानसा में दर्दनाक घटना: महिला ने 3 बच्चों के साथ पानी में लगाई छलांग, 3 की मौत
इसके कुछ देर बाद जब युवक कार लेकर वापस आया और गाड़ी मोड़ने लगा, तभी कार का टायर बच्ची के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने बच्ची को निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी।
पुलिस ने कार कब्जे में ली
सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। SHO सत्यवान के अनुसार, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसा करने वाली कार को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस घटना से जुड़े CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी

