फगवाड़ा -( मनदीप कौर )- पंजाब के फगवाड़ा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने तीन युवकों पर उसे खाने-पीने के बहाने अपने साथ ले जाकर मारपीट करने, कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाने और 10 हजार रुपये की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल युवक का इलाज सिविल अस्पताल फगवाड़ा में चल रहा है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/tripura-dgp-anurag-dhankar-suicide/
पीड़ित जय राम, निवासी मोहल्ला गोबिंदपुरा, ने बताया कि वह अपने भाई के साथ विशाल मेगा मार्ट के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक उसकी पहचान का था। आरोप है कि तीनों उसे गांव मौली स्थित एक मकान में ले गए।
पीड़ित के अनुसार, मकान में ले जाकर प्लास्टिक की पाइपों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाई और उसके माथे पर पिस्तौल रखकर 10 हजार रुपये या नशे का सामान (चिट्टा) लाने की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ लगातार मारपीट की गई।
घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। वहीं, उसके भाई ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

