चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- किसान महापंचायत से पहले हरियाणा पुलिस ने पंजाब-हरियाणा के शंभू अंतरराज्यीय बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया। सीमा पर भारी पुलिस बल, बैरिकेडिंग और सीमेंट ब्लॉक लगाकर किसानों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग और चंडीगढ़-राजपुरा मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/phagwara-youth-assault-video-blackmail-case/
किसान संगठनों के अनुसार, विभिन्न जिलों से किसान दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें शंभू बॉर्डर पर रोक दिया गया। किसान नेता सर्वन सिंह पंधेर ने आरोप लगाया कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार उन्हें आगे नहीं बढ़ने दे रही। उन्होंने भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता तेजवीर सिंह ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के सीमा बंद किए जाने से किसानों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी भारी दिक्कत हुई। उन्होंने दावा किया कि कुछ बैरिकेड पंजाब की सीमा के भीतर लगाए गए हैं और इस पर पंजाब सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को कुरुक्षेत्र में हिरासत में लिया गया था। दूसरी ओर, पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करने की पुष्टि की है।

