पंजाब -(मनदीप कौर )– देशभर में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में लगातार चौथी बार बड़ा इज़ाफा किया गया है। इस बार पेट्रोल की कीमत में ₹2.61 प्रति लीटर और डीज़ल में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। नई कीमतों के बाद अब पेट्रोल ₹105.67 प्रति लीटर और डीज़ल ₹95.58 प्रति लीटर बिक रहा है।
लगातार बढ़ रहे ईंधन के दामों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पेट्रोल-डीज़ल महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ता है। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियां, राशन, दूध और अन्य जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से महंगाई और तेज हो सकती है। वहीं आम जनता का कहना है कि पहले ही बढ़ती कीमतों से घर का बजट बिगड़ा हुआ है और अब पेट्रोल-डीज़ल के नए रेट ने परेशानी और बढ़ा दी है।
दूसरी ओर ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि डीज़ल महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी, जिसका असर सीधे बाजार में दिखाई देगा। आने वाले दिनों में कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं।

