लुधियाना:-( मनदीप कौर)-थाना जमालपुर इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, घटना के पास लगे CCTV कैमरों में कुछ युवकों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के नितिन ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों के साथ पहले से रंजिश चल रही थी। नितिन का कहना है कि इसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के खिलाफ पहले नशा तस्करी को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई थी। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक नशा तस्करी से जुड़ी बात सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़े:-UP में देर रात बड़ा फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले; कई जिलों के CDO बदले
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच दोपहर के समय झगड़ा हुआ था। शिकायत पुलिस के पास पहुंच चुकी है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
वहीं सामने आई CCTV फुटेज में कुछ युवक तेजधार हथियार लेकर एक घर के गेट की तरफ जाते दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस अब CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की है।

