जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के राजा गार्डन कॉलोनी क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब चार संदिग्ध युवक इलाके की गलियों में घूमते हुए दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार युवकों के पास हथियार मौजूद थे, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
घटना देर रात की बताई जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक एक घर के बाहर पहुंचकर डोरबेल बजाता है, जबकि उसके अन्य साथी आसपास खड़े रहते हैं। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सभी युवक वहां से निकल जाते हैं।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/chandigarh-road-rage-firing-desi-pistol-sector-20-33/
घटना सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं और आशंका जताई जा रही है कि वे किसी विशेष व्यक्ति की तलाश में इलाके में पहुंचे हो सकते हैं।
रिहायशी क्षेत्र में खुलेआम हथियार लेकर घूमने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान करने और उनके मकसद का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

