चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- चंडीगढ़ में सड़क पर साइड देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक और एक्टिवा सवार दो युवकों के बीच रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक अपने घर से देसी पिस्तौल लेकर आया और फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि चलाई गई गोली किसी को नहीं लगी और दोनों युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-bhargo-camp-youth-death-news/
सूचना मिलते ही थाना-19 की प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जॉय किशन को देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चंडीगढ़ के सेक्टर-30 का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है। वहीं, घटना में शामिल उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे सेक्टर-33 और सेक्टर-20 को जोड़ने वाली सड़क पर हुई। जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान बाइक सवार दोनों युवक सेक्टर-20 स्थित पीजी में रह रहे थे और एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

