जालंधर -(मनदीप कौर)-जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर फिल्लौर के गांव भट्टियां के पास देर रात ट्रक ड्राइवर से लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर जम्मू की ओर जा रहा था। इसी दौरान कार सवार युवकों ने कथित तौर पर गनपॉइंट पर उसे रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आई-20 कार में सवार 4 से 5 अज्ञात युवकों ने ओवरटेक करके ट्रक के आगे अपनी कार खड़ी कर दी। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर लाठी-डंडों से ट्रक के शीशे तोड़ दिए और ड्राइवर के साथ मारपीट की।

यह भी पढ़े:-दिल्ली के मोती नगर में आग के बाद LPG सिलेंडर ब्लास्ट, एक व्यक्ति की मौत
पीड़ित ड्राइवर आसिफ हुसैन, निवासी सतवाड़ (जम्मू-कश्मीर), के अनुसार बदमाशों ने उसके सिर पर पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने करीब 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद फिल्लौर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है।
पुलिस को वारदात में इस्तेमाल की गई आई-20 कार का नंबर भी दिया गया है। पुलिस इसी नंबर के आधार पर कार के मालिक और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को मामला लूट का नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद उन्हें गिरफ्तार करने और लूटी गई रकम व अन्य सामान बरामद करने की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के दौरान आसपास के गांव भट्टियां के कुछ युवाओं ने भी ड्राइवर को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाश पिस्तौल लेकर वहां से फरार हो गए।
फिलहाल फिल्लौर पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

