जालंधर -(मनदीप कौर)-होशियारपुर रोड पर रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा और अंदर की मशीनरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
सामने से आ रही गाड़ियों की तेज लाइट बनी हादसे की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, PB 08 DG 9031 नंबर का ट्रक रविवार रात हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही गाड़ियों की तेज रोशनी सीधे चालक की आंखों पर पड़ी। आंखें चौंधिया जाने के कारण चालक को सामने बना डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
यह भी पढ़े –बटाला में बड़ी वारदात: घर के बाहर टहल रहे युवक की गोली मारकर हत्या, 5 बहनों का था इकलौता भाई
ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। ट्रक की कमानियां टूट गईं और इंजन सहित अंदर की मशीनरी का सामान सड़क पर बिखर गया। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रक में पोल्ट्री से संबंधित हल्का सामान लदा हुआ था, जिससे बड़े माल के नुकसान से बचाव हुआ।
चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्रक चालक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर बिखरे सामान और पलटे हुए ट्रक को हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है।

