जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला घास मंडी चौक क्षेत्र का है, जहां देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक मिठाई की दुकान को निशाना बनाते हुए शटर का ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर घुसने के बाद बदमाश गल्ले में रखी नकदी और अन्य सामान समेटकर मौके से फरार हो गए।
घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारी ने शटर का ताला टूटा देखा। उसने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर मालिक ने देखा कि दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला भी अपनी जगह से हटाया गया था।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/barnala-mahal-kalan-toll-plaza-gangster-firing-police-arrest/
दुकान मालिक के मुताबिक, रात को दुकान सामान्य तरीके से बंद की गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गल्ले में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये और कुछ सामान गायब है। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई।
सूचना मिलने के बाद थाना-5 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

