सरसावा – (ब्यूरो रिपोर्ट)- मंगलवार सुबह सरसावा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब भिक्कनपुर पुलिया के पास रेलवे पटरी के बराबर झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना करीब सुबह 8:30 बजे पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना सरसावा की शाहजहांपुर चौकी के प्रभारी देवेंद्र पाल तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा आरपीएफ पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

करीब 35 साल का बताया जा रहा मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काली पैंट और आसमानी रंग की शर्ट पहन रखी थी। शव की स्थिति को देखते हुए उसके करीब 4 से 5 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़े:- चंडीगढ़ में 1 से 7 सितंबर तक किसानों का धरना, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचेंगे किसान; प्रशासन ने दी मंजूरी
एक हाथ कटा मिला, ट्रेन से हादसे की आशंका
मौके पर शव का एक हाथ भी कटा हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक शुरुआती तौर पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ शव की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

