फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के फिरोजपुर जिले के मक्कू कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पंजाब पुलिस में तैनात एएसआई गुरदयाल सिंह ने फिरोजपुर फीडर नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस व गोताखोरों की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरदयाल सिंह मूल रूप से गुरदासपुर जिले के बटाला के रहने वाले थे और मक्कू में 112 हेल्पलाइन पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि पत्नी के चुनाव लड़ने के बाद वह कथित ब्लैकमेलिंग, बदनामी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान थे।
नहर में छलांग लगाने से पहले एएसआई ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने 7 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में दावा किया गया कि उन्हें लगातार बदनाम किया जा रहा था और उनसे 30 से 35 लाख रुपये की मांग की जा रही थी, जिसके चलते वे मानसिक रूप से बेहद परेशान थे।
एसपी (डी) मनजीत सिंह ने बताया कि एएसआई की तलाश जारी है। वहीं, उनकी पत्नी के बयान के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

