बठिंडा -(मनदीप कौर)- साइबर क्राइम थाने से जुड़े एक मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने के SHO और उसके रीडर को कथित तौर पर 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई चंडीगढ़ से पहुंची विजिलेंस टीम ने की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी के बाद थाने में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने दस्तावेजों व अन्य रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रिश्वत किस मामले में मांगी गई थी, यह रकम किस व्यक्ति से ली जा रही थी और मौके से अन्य क्या बरामद हुआ है। विजिलेंस टीम की कार्रवाई अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।
अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही आधिकारिक बयान सामने आएगा, खबर को अपडेट किया जाएगा।

