जालंधर -(मनदीप कौर)- केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को पंजाब दौरे के दौरान इंसानियत की मिसाल पेश की। अमृतसर से जालंधर जाते समय उनकी नजर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी एक युवती पर पड़ी। युवती की हालत देखकर उन्होंने बिना समय गंवाए अपना काफिला रुकवा दिया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/amritsar-car-yuvak-shav/
चिराग पासवान ने अपनी टीम को तुरंत निर्देश दिए कि घायल युवती को उनकी गाड़ी से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाए और इलाज में किसी तरह की देरी न होने दी जाए। टीम ने तत्काल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने केंद्रीय मंत्री के इस संवेदनशील कदम की सराहना की। सड़क हादसे के बाद घायल युवती की मदद के लिए जिस तेजी से कार्रवाई की गई, उसे मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।
चिराग पासवान का यह कदम सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में घायल व्यक्ति की तुरंत मदद करना सबसे बड़ी मानवता है और जनप्रतिनिधियों को इसी तरह आगे आकर लोगों की सहायता करनी चाहिए।

