पंजाब -(मनदीप कौर)- भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 26 वर्षीय अभिनेता और निर्देशक रोहित शर्मा की लखनऊ में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे ने उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म जगत को गहरा सदमा पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार, रोहित शर्मा अपने एक दोस्त के साथ लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए थे। शूटिंग पूरी करने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित शर्मा ट्रक के नीचे आ गए। उनका हेलमेट भी पूरी तरह टूट गया और सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि रोहित का साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान रोहित शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोस्त की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक की पहचान कर ली गई है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/pathankot-bus-accident-two-killed-bus-set-on-fire/
रोहित शर्मा के निधन की खबर सामने आने के बाद भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और साथी कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

