बटाला -(मनदीप कौर)- पंजाब के बटाला इलाके में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस खौफनाक वारदात में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह घटना गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले भौमा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, तीन युवक रात के समय गांव में घूम रहे थे, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां बरसा दीं।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/amritsar-asi-arrested-drug-smuggling-drone/
हमले में कश्मीर सिंह (37) और जुगराज सिंह (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जुगराज सिंह (36) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब दो दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बटाला के एसएसपी महिताब सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें निजी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल फिरौती या पहले से किसी धमकी के संकेत नहीं मिले हैं।
पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। मामले की जांच लगातार जारी है।

