अमृतसर -(मनदीप कौर )- दबुरजी फ्लाईओवर पर बुधवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पंजाब रोडवेज की बस और एक ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं, जिसके बाद वे अपनी मंजिल की ओर रवाना हो गए।
चढ़ाई के दौरान ट्रक से टकराई बस

पंजाब रोडवेज के बस चालक गोपाल सिंह के मुताबिक बस पट्टी रोडवेज डिपो की थी और पट्टी से जम्मू जा रही थी। जब बस दबुरजी फ्लाईओवर पर चढ़ रही थी, उस दौरान आगे एक भारी सामान से लदा ट्रक चल रहा था।
बस चालक का कहना है कि चढ़ाई के दौरान ट्रक चालक ने अचानक रिवर्स गियर लगा दिया, जिसके चलते ट्रक पीछे की ओर आने लगा और सीधे बस से टकरा गया।
ट्रक का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त
ट्रक चालक गुरदयाल सिंह के अनुसार वह ट्रक लेकर बठिंडा से अजनाला की तरफ जा रहा था। उनके मुताबिक पीछे से आ रही बस ट्रक से टकराई। टक्कर के कारण ट्रक के पीछे लगे डाले के पट्टे टूट गए और डाला भी टेढ़ा हो गया। बस को भी नुकसान पहुंचा।
यात्रियों को आई मामूली चोटें
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं। हादसे के बाद यात्री सामान्य रूप से अपनी-अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गए।
कुछ समय प्रभावित रहा ट्रैफिक
ट्रक और बस की टक्कर के कारण दबुरजी फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार चढ़ाई वाले हिस्से में भारी वाहन के अचानक पीछे आने से बस चालक को वाहन संभालने का पर्याप्त मौका नहीं मिला।
गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप नहीं ले पाया और बस में सवार यात्रियों की जान बच गई।

