अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस और BSF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घारिंडा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 2 किलो 591 ग्राम हेरोइन और 578 ग्राम आइस ड्रग बरामद की गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पहले मामले में BSF की BOP पुलमोरां के इलाके से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। जांच के दौरान पैकेट से 578 ग्राम आइस ड्रग बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में पुलिस ने अटारी निवासी सुखदयाल सिंह और नेश्टा निवासी हरदेव सिंह को गिरफ्तार किया। BSF की BOP महावा क्षेत्र में दोनों आरोपियों के कब्जे से 591 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों से एक मोबाइल फोन, 1,120 रुपये और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
वहीं, तीसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि मन्नप्रीत सिंह उर्फ मन्ना निवासी मोड़े कथित तौर पर बड़ी मात्रा में हेरोइन बेचने और सप्लाई करने का काम करता है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21-C और 25 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

