लुधियाना -(मनदीप कौर)- जमालपुर इलाके की गणेश कॉलोनी में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। करीब आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए पहले पथराव किया और इसके बाद वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, बदमाशों ने एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1 बजे की है। जब कॉलोनी के लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी कुछ अज्ञात युवक गली में दाखिल हुए और एक घर पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। इसके बाद बदमाशों ने वहां खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया और एक बाइक में आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी रामगढ़ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच करने के साथ CCTV फुटेज अपने कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फुटेज में कुछ बदमाशों के चेहरे ढके हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक-दो आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

