मोगा -(मनदीप कौर )- गिड़ड़बाहा कस्बे में रेलवे ट्रैक के पास सोमवार सुबह करीब 3 साल की बच्ची गंभीर हालत में मिली। बच्ची के शरीर और प्राइवेट पार्ट पर चोटों के निशान बताए जा रहे हैं, जिसके चलते उसके साथ यौन उत्पीड़न की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसे गिड़ड़बाहा सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि बच्ची गिड़ड़बाहा में मिली, जबकि उसके पिता मलोट क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस के अनुसार बच्ची की मां करीब डेढ़ महीने पहले उसे अपने साथ लेकर घर से चली गई थी। मां ने पुलिस को बताया कि वह बच्ची के साथ रात के समय रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी स्थिति मेडिकल जांच और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
उधर, जिला बाल संरक्षण अधिकारी शिवानी नागपाल के अनुसार बाल संरक्षण विभाग की टीम बच्ची की सुरक्षा और इलाज को लेकर लगातार अस्पताल में उसके साथ मौजूद है।

