चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- शहर में कार से लाखों रुपये की नकदी और सोने के सिक्के चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नितेश (27) और सिमरन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मनीमाजरा इलाके में घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया था।
कार से 12.50 लाख रुपये और सोने के सिक्के चोरी

पुलिस जांच के अनुसार, कार से करीब 12.50 लाख रुपये नकद और सोने के सिक्के चोरी किए गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पहले इलाके की रेकी करते थे और इसके बाद वारदात को अंजाम देते थे।
यह भी पढ़े :-AAP ने जसवीर सिंह गढ़ी को सौंपी चमकौर साहिब की जिम्मेदारी, संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक करीब 5.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। बाकी रकम और सोने के सिक्कों की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
पहले गर्लफ्रेंड करती थी रेकी, फिर मिलकर वारदात
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि सिमरन कथित तौर पर पहले रेकी करती थी। इसके बाद दोनों मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही उनके मोबाइल संपर्क, शहर में आने-जाने और दूसरे इलाकों से जुड़े सुरागों को खंगाला जा रहा है।
चंडीगढ़ से बाहर भी चोरी की जांच
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने चंडीगढ़ के अलावा किसी दूसरे शहर या इलाके में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। इस दिशा में पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस चोरी की रकम, सोने के सिक्कों और संभावित अन्य वारदातों से जुड़े सवालों के जवाब तलाश रही है।

