गुरदासपुर -(मनदीप कौर)- जिला गुरदासपुर के थाना दीनानगर पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की कथित योजना को नाकाम कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल .30 बोर, मैगजीन, 9 जिंदा रौंद, एक किरपान और 3 दातर बरामद करने का दावा किया है।
दाना मंडी पनियाड़ में दबोचे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दाना मंडी पनियाड़ में बने सीमेंट के शेड के पास एक कार में सवार कुछ व्यक्ति डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना दीनानगर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कार नंबर HP 54 B 3888 को रोककर उसमें सवार 6 व्यक्तियों को काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और अन्य सामान बरामद कर उन्हें कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक मल्होत्रा उर्फ, निवासी ढाकी रोड पठानकोट, शेरप्रीत सिंह उर्फ गुलाबा निवासी दशमेश नगर अमृतसर, पंकज शर्मा उर्फ काका निवासी दीनानगर, राहुल कुमार उर्फ रोटा निवासी हैबतपिंडी पठानकोट, साहिल सैनी गज्जू निवासी जगीर तारागढ़ और मन्नी उर्फ राजा निवासी नवां पिंड बहादुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
2 पिस्टल और 9 जिंदा रौंद बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों से बरामद सामान में:
2 पिस्टल .30 बोर
पिस्टल की मैगजीन
9 जिंदा रौंद
1 किरपान
3 दातर
शामिल हैं।
BNS और NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा नंबर 243, दिनांक 20 अगस्त 2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 310(4), 310(5) और 25-54-59 समेत NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई DIG बॉर्डर रेंज अमृतसर के दिशा-निर्देशों और SSP गुरदासपुर आदित्य की अगुवाई में की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान SP-D मनोज कुमार ने कार्रवाई से जुड़ी जानकारी साझा की।

