लुधियाना -(मनदीप कौर)- लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर में देर रात एक पिज्जा शॉप पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दुकान के अंदर घुसते ही महज 3 सेकंड के भीतर 3 गोलियां चलाईं। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकान के अंदर दो लोग टेबल पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान टोपी पहने एक युवक अपने साथी के साथ दुकान में दाखिल हुआ। अंदर आते ही एक बदमाश ने काउंटर की तरफ पिस्टल तानकर लगातार तीन फायर किए।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/pune-junnar-9-year-old-girl-murder-case-accused-detained/
फुटेज के मुताबिक, साथ आया टोपी वाला युवक भी अपनी पिस्टल लोड करने की कोशिश करता नजर आया, लेकिन वह फायर नहीं कर पाया। गोलियों की आवाज सुनते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी बाहर निकले और अपने तीसरे साथी की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
दुकानदार ने पुलिस को दी पूरी जानकारी
दुकान संचालक गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात करीब 12:45 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और जान से मारने की नीयत से सीधे काउंटर पर तीन फायर कर दिए।
मामले की जांच कर रहे ASI दविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने मौके से 3 खाली खोल बरामद किए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इलाके के अन्य CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत FIR
घटना के बाद थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

