मोहाली -(मनदीप कौर)- पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहाली (एसएएस नगर) DC कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक भूपिंदर कौर को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई गुरदासपुर जिले के बटाला तहसील के एक शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी वरिष्ठ सहायक ने स्काई रॉक वेलफेयर सोसायटी, सेक्टर 111/112, मोहाली में नीलामी प्लॉट दिलाने के बदले 8 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/gurdaspur-school-bomb-threat/
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वाड-1, एसएएस नगर से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना विजिलेंस ब्यूरो, एसएएस नगर में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

