गुरदासपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के गुरदासपुर जिले के कन्वेंट लिटिल फ्लावर स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमों ने दोनों स्कूलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/fssai-karwai-old-monk-mcdowell-bagpiper-royal-challenge/

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी भरी ईमेल कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा परमार (कनाडा) के नाम से भेजी गई थी। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले भी गुरदासपुर के कुछ स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं।
एसएसपी आदित्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने स्कूलों के क्लासरूम, बाथरूम, छत और अन्य सभी हिस्सों की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए किसी भी इनपुट को हल्के में नहीं लिया जा रहा। शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि शरारती तत्व पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

