लुधियाना -(मनदीप कौर )- NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर छात्रों का विरोध अब दिल्ली से निकलकर पंजाब तक पहुंच गया है। दिल्ली के बाद अब लुधियाना में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने निष्पक्ष परीक्षा की मांग करते हुए सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने गंभीर मुद्दे को अनोखे और व्यंग्यात्मक अंदाज में उठाया। उनके पोस्टरों पर लिखे स्लोगन सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गए। इन स्लोगनों के जरिए छात्रों ने परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में दिखे ये चर्चित स्लोगन
“मैं बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती हूं, सुसाइड नहीं करना चाहती।”
“Respectfully Logout… Error 404: Account Not Found.”
“NTA को Sofy भेजो, शायद लीकेज रुक जाए।”
“जहांपनाह, क्यों Afraid हो? इस्तीफा कबूल करो।”
“हम पढ़ें दिन-रात, पेपर लीक वालों की हर बार बात!”
“मेहनत हमारी, सिस्टम तुम्हारा?”
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत के बावजूद यदि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते रहेंगे तो छात्रों का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ जाएगा।
यह भी पढ़े:-
https://chardapunjabtv.com/ludhiana-doctor-clinic-robbery-6-armed-robbers/
विद्यार्थियों ने सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

