लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। राजकोट रोड स्थित डॉ. विजय चोपड़ा के निजी क्लिनिक में मरीज बनकर पहुंचे 6 हथियारबंद बदमाशों ने रिवॉल्वर की नोक पर करीब ढाई लाख रुपये नकद, डॉलर, मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात क्लिनिक में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
डॉ. विजय चोपड़ा के अनुसार, बदमाश पहले रात को मरीज बनकर क्लिनिक आए और ग्लूकोज लगाने की बात कहकर चले गए। अगली सुबह करीब 6 बजे वे दोबारा क्लिनिक पहुंचे। इलाज के बहाने अंदर आने के बाद बदमाशों ने डॉक्टर को काबू कर लिया और रिवॉल्वर दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/mukerian-tipper-accident-driver-rescue-hoshiarpur/
डॉक्टर ने बताया कि बदमाशों ने पहले उनकी जेब से नकदी, डॉलर, मोबाइल और सोने की अंगूठी छीनी। इसके बाद क्लिनिक की दराज से भी करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने सोने के बारे में भी पूछताछ की, लेकिन डॉक्टर ने बताया कि सोना बैंक में रखा है। विरोध करने पर बदमाशों ने डॉक्टर की कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी।
घटना के दौरान डॉक्टर की पत्नी रेखा चोपड़ा भी क्लिनिक में मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि पानी मांगने के बहाने आए बदमाशों ने पीछे से उनका मुंह दबा दिया। शोर मचाने पर उनका बेटा बाहर आ गया, जिसके बाद आरोपी जल्दबाजी में मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में कई आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। इलाके में इस वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।

