लुधियाना-(मनदीप कौर)- पंजाब में किसानों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आह्वान पर बुधवार को लुधियाना के लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल फ्री कर दिया गया। इस दौरान सभी छोटे और बड़े वाहन बिना टोल शुल्क दिए गुजर सकेंगे।
किसान संगठनों का कहना है कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों और प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/bhojpuri-actor-rohit-sharma-road-accident-death/
टोल प्लाजा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुबह से ही किसान संगठनों के कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचने लगे थे। दोपहर तक बड़ी संख्या में किसानों ने एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के दौरान किसी वाहन चालक से जबरन टोल नहीं लिया जाएगा। यदि किसी वाहन से गलती से फास्टैग के माध्यम से टोल कट जाता है तो संबंधित चालक को शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
किसानों की क्या हैं मांगें?
किसान नेताओं का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार उनकी ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियां कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा दे रही हैं, जबकि किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता और किसान विरोधी नीतियां वापस नहीं ली जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

